Thursday 14 April 2016

सर आइज़क न्यूटन (Sir Isaac Newton)

दुनिया को  गुरुत्वाकर्षण  का  सिद्धांत  देने वाले  Sir Issac Newton शुरुआती  दिनों  में  ठीक  प्रकार से  बोल  भी  नहीं  पाते  थे . वे स्वभाव से काफी गुस्सैल  थे  और  लोगों  से  कम  ही  वास्ता रखते  थे . उनके  इसी  व्यव्हार  के  कारण  उनके  मित्र  भी  न के  बराबर थे . newton अपने  विचार  भी  सही  ढंग  से  व्यक्त  नहीं  कर  पाते   थे ,वह अपने  उपलब्धियों  या  खोज  को  बताने  में  संकोच  करते   कि  कहीं  वह  हंसी के  पात्र  न  बन  जाएं . शुरुआती  दिनों  में  Newton कई  प्रकार  के प्रयोग  करते  रहते  थे .Newton के  व्यव्हार  के कारण  उन्हें  सनकी  और  पागल समझा  गया  पर  लोगों की परवाह किये बगैर वे अपने शोध में लगे रहे और अंततः एक महान  वैज्ञानिक  बनकर उभरे और एक  genius के रूप में विख्यात हुए। आईये हम उनकी इस कामयाबी से आपको परिचित करवाते हैं|

महान वैज्ञानिक - सर आइज़क न्यूटन (Sir Isaac Newton) [जन्म : 25 दिसंबर 1642 -     मृत्यु : 20 मार्च 1727]
न्यूटन का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है. कोई बच्चा जब विज्ञान की दुनिया में कदम रखता है तो जिस वैज्ञानिक से सबसे पहले वह परिचित होता है वही वैज्ञानिक है सर आइज़क न्यूटन. वह वैज्ञानिक जो भौतिकविद, गणितज्ञ, खगोलशास्त्री, फिलास्फर, अल्केमिस्ट, धर्मशास्त्री सभी कुछ था. न्यूटन के सिद्धांतों ने संसार को नए रूप में देखने के परदे खोल दिए. और आधुनिक भौतिकी व इंजीनियरिंग की बुनियाद रखी.

यांत्रिक भौतिकी (Mechanical Physics) की शुरुआत न्यूटन के गति के तीन नियमों से होती है. साइकिल से लेकर रॉकेट तक के निर्माण में कहीं न कहीं ये नियम जुड़े रहते हैं.

वैज्ञानिक तर्कशास्त्र की आधारशिला उसने चार नियमों द्वारा रखी, जो इस प्रकार हैं :
(1) किसी प्राकृतिक घटना के पीछे एक और केवल एक पूर्णतः सत्य कारण होता है.
(2) एक तरह की घटनाओं के लिए एक ही प्रकार के कारण होते हैं.
(3) वस्तुओं के गुण सार्वत्रिक रूप से हर जगह समान होते हैं.
(4) किसी घटना से निकाले गए निष्कर्ष तब तक सत्य मानने चाहिए जब तक कोई अन्य घटना उन्हें ग़लत न सिद्ध कर दे.

न्यूटन ने बताया की चीज़ों के पृथ्वी पर गिरने, चंद्रमा के पृथ्वी के परितः परिक्रमण, और ग्रहों के सूर्ये के परितः परिक्रमण के पीछे एक ही कारक है जो गुरुत्वाकर्षण का सर्वव्याप्त बल है.साथ ही पहली बार द्रव्यमान और भार के बीच अन्तर बताया. प्रकाश के क्षेत्र में काम करते हुए न्यूटन ने बताया की सफ़ेद प्रकाश दरअसल कई रंगों के प्रकाश का मिश्रण होता है. और साथ ही ये भी बताया कि प्रकाश बहुत सूक्ष्म कणिकाओं का तेज़ प्रवाह होता है. हालांकि हाइगेन्स तथा अन्य वैज्ञानिकों ने कणिका सिद्धांत को नकारते हुए तरंग सिद्धांत पर बल दिया. किंतु आज के परिपेक्ष्य में प्लांक की परिकल्पना तथा प्रकाश विधुत प्रभाव ने न्यूटन सिद्धांत को काफ़ी हद तक सही ठहरा दिया है. टेलेस्कोप के रंग दोष को दूर करने के लिए न्यूटन ने परावर्तक दूरदर्शी का आविष्कार किया.

गणित की सर्वाधिक उपयोगी शाखा कैलकुलस (Calculus) के बारे में इतिहासकारों का मानना है कि इसका आविष्कार न्यूटन और लाइब्निज़ (Leibniz) दोनों ने अपने अपने तरीके से किया था. हलाँकि इसके असली आविष्कारक के लिए दोनों में कई वर्षों तक विवाद भी चलता रहा.

माध्यमिक स्तर पर पढ़ाई जाने वाली द्विपद प्रमेय भी न्यूटन के दिमाग की उपज है. पाई का मान निकालने के लिए भी न्यूटन ने नया फार्मूला दिया. किसी भी तरह की समीकरण के आंकिक हल के लिए भी न्यूटन ने एक फार्मूला दिया जो न्यूटन राफ्सन फार्मूला के नाम से जाना जाता है. कंप्यूटर की गणनाओं में यह काफ़ी उपयोगी सिद्ध हुआ है.

आधुनिक कैलेंडर के अनुसार न्यूटन का जन्म 25 दिसम्बर 1642 को हुआ था. उसके जन्म से तीन माह पहले ही पिता की मृत्य हो गई थी. बाद में उसकी माँ ने दूसरा विवाह कर लिया था. वह जीवन भर अविवाहित रहा. शायद इसी अकेलेपन ने उसे अतिवादिता का शिकार बना दिया था. वह जितना अपने मित्रों को टूट कर चाहता था, विरोधियों के लिए उतना ही आक्रामक था.

उस समय के अन्य वैज्ञानिकों रॉबर्ट हुक (Robert Hooke), क्रिस्टियन हाइगेन्स (Christiaan Huygens), विल्हेम लाइब्निज़ (Wilhelm Leibniz) और जॉन फ्लाम्स्टीड (John Flamsteed) के साथ उसका विवाद जगप्रसिद्ध है. धार्मिक रूप से वह बाइबिल तथा ईश्वर में अटूट विश्वास रखता था किंतु ईसाइयों की आम मान्यता ट्रिनिटी में उसकी आस्था न थी. उसका माना था कि ट्रिनिटी (Trinity) को मानने वालों ने मूल बाइबिल में उलट फेर किया है. (ट्रिनिटी - जीसस को ईश्वर का बेटा मानना.)
न्यूटन की पुस्तक फिलास्फिया प्रिन्सिपिया मैथेमैटिका को अब तक का महानतम लिखित वैज्ञानिक कार्य माना जाता है.

सन 2005 में हुए एक अंतर्राष्ट्रीय सर्वे ने न्यूटन को सर्वाधिक लोकप्रिय वैज्ञानिक ठहराया है.

              न्यूटन की खोज :
न्यूटन के गुरुत्वाकर्षण के सिद्धांत का पता लगाने की घटना, साढ़े तीन सौ साल पुरानी, 1660 के दशक के मध्य की घटना है।
विलियम स्ट्यूक्ली ने लिखा है कि 1726 की बसंत में एक दिन एक सेब के पेड़ की छाया में न्यूटन ने उन्हें इस घटना के बारे में बताया। तब न्यूटन केम्ब्रिज विश्वविद्यालय में पढ़ते थे। प्लेग फैलने के कारण विश्वविद्यालय के बंद होने पर न्यूटन उत्तरी इंग्लैंड में अपने घर चले गए।
न्यूटन ने स्ट्यूक्ली को बताया कि जिस तरह वह उस दिन उस सेब के पेड़ के नीचे बैठे थे, उसी तरह की अवस्था में वो एक पेड़ के नीचे बैठे सोच रहे थे जब एक सेब गिरा।
स्ट्यूक्ली लिखते हैं- 'न्यूटन बैठे सोच रहे थे। जब एक सेब गिरा, उन्होंने सोचा कि ये सेब सीधा ही क्यों गिरा, अगल-बगल या ऊपर क्यों नहीं गिरा...इसका मतलब धरती उसे खींच रही है, मतलब उसमें आकर्षण है।'
वैसे रॉयल सोसायटी की लाइब्रेरी के प्रमुख कीथ मूर का कहना है कि सेब के गिरने की कहानी शायद एक कहानी ही है जिसे न्यूटन ने बाद में आम लोगों को समझाने के लिए बना लिया।
कीथ मूर कहते हैं, 'न्यूटन ने सेब गिरने की कहानी का सहारा आम लोगों को गुरुत्वाकर्षण क्या है ये समझाने के लिए लिया और सेब के सिर पर गिरने की कहानी तो और भी बाद में बनाई गई।'
                रॉयल सोसायटी :
रॉयल सोसायटी दुनिया में वैज्ञानिकों की सबसे पुरानी संस्था है जिसका गठन 1660 में विज्ञान के प्रसार के उद्देश्य से किया गया था।
संस्था अपनी 350वीं वर्षगाँठ पर 60 से अधिक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक दस्तावेजों को वेबसाइट पर सार्वजनिक कर रही है। सोसायटी ने अपनी वेबसाइट पर न्यूटन के प्रतिद्वंद्वी वैज्ञानिक रॉबर्ट हुक के भी कुछ दस्तावेजों को प्रकाशित किया है। ये दस्तावेज कई सौ वर्षों तक गुम रहने के बाद हाल ही में इंग्लैंड में एक घर से बरामद हुए हैं।

No comments:

Post a Comment